नीमच। कृषि उपज मंडी में सोमवार को पोस्ता के भाव 1,40,000 से 1,60,000 प्रति क्विंटल रहे। कल की तुलना में 2,000 की सीधी गिरावट दर्ज की गई, जिससे किसानों में नाराज़गी स्पष्ट दिखाई दी।
मंडी में आज करीब 300 बोरी पोस्ता की आवक हुई, लेकिन उम्मीद से कम दाम देखकर किसान मायूस हो गए। उल्लेखनीय है कि लगभग 15 दिन पहले यही पोस्ता 2,00,000 के पार बिक रहा था, जबकि अब लगातार भाव लुढ़कते जा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत का उचित मूल्य 1,80,000 से कम नहीं होना चाहिए। वॉइस ऑफ एमपी से बातचीत में कई अन्नदाताओं ने आरोप लगाया कि बाजार में मांग मौजूद होने के बावजूद भाव जानबूझकर दबाए जा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि लागत और जोखिम दोनों बढ़ रहे हैं, लेकिन दाम उलटे घट रहे हैं, जो उनके साथ अन्याय है। उनका सवाल है- जब फसल सोने जैसी मेहनत मांगती है, तो दाम मिट्टी जैसे क्यों? पोस्ता उत्पादकों ने उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की है।