मंदसौर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत उत्कृष्ट, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9, सुवासरा विधानसभा के 2 तथा गरोठ विधानसभा क्षेत्र के 1 बीएलओ ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया है। आज जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अदिती गर्ग ने इन सभी 12 बीएलओ को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि इन सभी का परिश्रम, जिम्मेदारी और कार्य के प्रति निष्ठा वास्तव में सराहनीय है। समयबद्ध रूप से उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करना जिले में निर्वाचन प्रबंधन को और मजबूत बनाता है तथा अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणास्रोत है। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 8 के सुखलाल सोनी, 20 के निर्मल कुमार भाटी, 85 के युसूफ, 104 की वंदना गौड, 205 की यशोदा सोनी, 230 की तारावती बैरागी, 255 के ओमप्रकाश विश्वकर्मा, 217 की निशा मालवीय तथा 266 की कचरी परिहार ने शत-प्रतिशत कार्य कर उल्लेखनीय योगदान दिया है। सुवासरा विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 28 के दिलीप राठौड़ एवं 220 की पुष्पा विकास, तथा गरोठ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 41 की विद्या अहीर ने भी पूर्ण सफलता के साथ अपना दायित्व निभाया है। इन सभी के द्वारा किए गए कार्य ने जिले की प्रतिष्ठा में वृद्धि की है, जो गर्व का विषय है।
कलेक्टर गर्ग ने शेष बीएलओ से भी अपील की कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर मतदाता सूची के सत्यापन एवं सुधार कार्य को निष्ठा, पारदर्शिता और तत्परता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना और त्रुटियों का समय पर सुधार होना अत्यंत आवश्यक है। जिले के सभी बीएलओ इसी समर्पण और उत्साह के साथ कार्य करें, यही अपेक्षा है।