मंदसौर। जिले के दलोदा थाना क्षेत्र के सोनगरी में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक कंटेनर के पहियों की चपेट में आ गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सोनगरी निवासी सुभाष पिता घनश्याम मीणा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुभाष अपने बड़े भाई ललित और भांजे लोकेश के साथ नजदीक स्थित आईफा होटल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ललित और लोकेश सड़क किनारे जा गिरे, जबकि सुभाष सड़क पर गिर गया और कंटेनर के पहियों की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर युवक को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।
गंभीर हादसे में युवक की मौत-
हादसे में सुभाष के पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल सुभाष को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। हादसे में बाइक सवार ललित (25) और लोकेश (18) को भी मामूली चोटें आई हैं।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच-
मृतक के चाचा राजू मीणा ने बताया कि सुभाष अपने भाई और भांजे के साथ चाय पीने के लिए होटल जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर दलोदा थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव को रात में जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।