चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस द्वारा यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग एवं विश्व प्रसिद्ध विजय स्तंभ क्षेत्र में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने एवं शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 10 व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में यह अभियान पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के सुपरविजन में गठित पुलिस टीम ने सादे वस्त्रों में दुर्ग क्षेत्र में निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। टीम में एएसआई सत्यनारायण, नवलराम, हैड कांस्टेबल चंद्रकरण, कांस्टेबल मनीष एवं राजेश शामिल रहे।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। पुलिस ने कुल 10 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग और विजय स्तंभ देश की गौरवशाली ऐतिहासिक धरोहर हैं। इनकी गरिमा बनाए रखना और पर्यटकों एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, नशे में वाहन चलाना या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे। पुलिस ने आमजन एवं पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।