खनियाधाना। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शबरी माता मंदिर परिसर में भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य रूप से शामिल हुए और आदिवासी समाज के लोगों के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और जल, जंगल व जमीन के संरक्षण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।
समारोह के दौरान पूरा परिसर श्जय जोहारश् के नारों से गूंज उठा। जनप्रतिनिधियों ने आदिवासी समाज के उत्थान, अधिकारों की रक्षा और क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का खास आकर्षण चल समारोह रहा। इसमें विधायक प्रीतम सिंह लोधी एक छोटी बच्ची के साथ डीजे की धुन पर डांस करते नजर आए। विधायक का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम में आदिवासी समाज के प्रबुद्धजन, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।