BREAKING NEWS
डॉ. मनोज पंचोली की पदोन्नति पर भव्य स्वागत,.. <<     KHABAR : छात्र संगठन एबीवीपी से शुरू हुआ सफर, अब.. <<     BIG NEWS : नीमच में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गज.. <<     KHABAR : UPI पर MDR को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर.. <<     NEWS : गौसेवा के साथ मनाया पूर्व राज्यमंत्री.. <<     NEWS : खनन विकास एवं उत्थान प्रकोष्ठ की प्रदेश.. <<     KHABAR : खोकरा कला में संगीतमय श्री देवनारायण.. <<     BIG NEWS : राशमी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई चोरी के.. <<     BIG NEWS : सावन का दूसरा सोमवार आज, महाकाल मंदिर,.. <<     BIG NEWS : चित्तौड़गढ़ के पुराने कोर्ट परिसर से बाइक.. <<     KHABAR : खनियाधाना में धूमधाम से मना विश्व.. <<     KHABAR : कसरावद में मोहर्रम चालीसवें का उर्स.. <<     KHABAR : शाजापुर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज.. <<     NEWS : सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और नशे में.. <<     BIG NEWS : नीमच को बड़ी सौगात, प्रदेश में बनेंगे 5 नए.. <<     KHABAR : सांवरिया सेठ के जयकारों से गूंजा मार्ग,.. <<    
वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन के लिए..
August 10, 2026, 10:24 am
BIG NEWS : नीमच को बड़ी सौगात, प्रदेश में बनेंगे 5 नए एयरपोर्ट, सागर-नीमच समेत 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट बनाने की तैयारी, पढे़ खबर

Share On:-

भोपाल / नीमच। मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला हुआ है। केंद्र सरकार प्रदेश में प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स में से पहले चरण में 5 को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करेगी। इन एयरपोर्ट्स के निर्माण की शुरुआत सिंगरौली से होगी। इसके साथ ही उज्जैन और शिवपुरी में निर्माणाधीन एयरपोर्ट की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई विमानन विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश की प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में बदलने में हरसंभव सहयोग करेगी।

राज्य सरकार ने सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल की एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें से पहले चरण में पांच एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत सिंगरौली से होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में बताया कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में आठ एयरपोर्ट संचालित हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण चल रहा है।

केंद्रीय मंत्री नायडू ने बताया कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना को अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ाकर वर्ष 2036 तक कर दिया गया है। योजना के तहत देशभर में अगले 10 साल में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मध्यप्रदेश में प्रस्तावित एयरपोर्ट भी इसी योजना के तहत विकसित किए जाएंगे।

उज्जैन एयरपोर्ट की प्रक्रिया में तेजी

बैठक में उज्जैन और शिवपुरी में बन रहे एयरपोर्ट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और प्रदेश के विमानन विभाग के अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उज्जैन एयरपोर्ट के लिए सभी जरूरी पर्यावरणीय अनुमतियां 10 अक्टूबर 2026 तक हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके शुरू होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

वहीं, शिवपुरी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाना है। इसके लिए नई साइट की तलाश जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

छह महीने में 50 हजार से ज्यादा यात्रियों ने की हवाई यात्रा

विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने बैठक में बताया कि पिछले छह महीनों में मध्यप्रदेश के 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सेवाओं का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में बढ़ती हवाई सेवाओं के प्रति यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

प्रदेश में पीएम श्री वायु पर्यटन सेवा, पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा और पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही हैं। पिछले महीने इंदौर से अबुधाबी के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू की गई है। इसके अलावा 10 अगस्त से चार नई सीधी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

एयर एम्बुलेंस से 170 से ज्यादा गंभीर मरीजों को लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में शुरू की गई पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के जरिए अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया गया है। सरकार के अनुसार, इनमें 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाई गई। आयुष्मान कार्डधारियों को यह सेवा निरूशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री नायडू ने पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने इसके संचालन के जरिए देश के सामने एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है।

बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य (प्लानिंग) अनिल कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक एच. पुल्ला और आयुक्त विमानन चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

VOICE OF MP
एडिटर की चुनी हुई ख़बरें आपके लिए
SUBSCRIBE