नीमच। रेलवे स्टेशन रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी में बुधवार को मूंगफली की आवक और भाव दोनों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। आज मंडी में लगभग 6000 बोरी मूंगफली की आमद रही। भाव 4500 से 6500 प्रति क्विंटल के बीच रहे, जिन्हें लेकर किसानों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली।
कई किसानों ने मौजूदा भावों को लेकर संतोष जताया, वहीं कुछ किसानों का कहना था कि इस बार उत्पादन में कमी के चलते मूंगफली का भाव कम से कम 7000 प्रति क्विंटल मिलना चाहिए था। किसानों का मत है कि कम पैदावार और बढ़ती लागत को देखते हुए बेहतर दाम मिलना आवश्यक है।
बारिश की वजह से हुई सड़न और फसल नुकसान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि तुलाई और भुगतान व्यवस्था को लेकर किसान संतुष्ट दिखे। किसानों के अनुसार तुलाई समय पर हो रही है और भुगतान प्रक्रिया भी सुचारू है।
व्यापारियों का मानना है कि वर्तमान में बाजार स्थिर है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं यह भी संभावना जताई जा रही है कि यदि आवक बढ़ी तो भावों में गिरावट संभव है। उत्पादन कम होने के कारण किसानों की नजर भावों में संभावित बढ़ोतरी पर टिकी हुई है।