मंदसौर। कृषि उपज मंडी मंदसौर में प्याज के बेहद कम दाम मिलने से नाराज़ किसानों ने आज बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। मंडी में प्याज की खरीदी मात्र 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल होने से आक्रोशित किसानों ने मंडी रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

किसानों का कहना है कि उत्पादन लागत से भी कम दाम मिलने के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी में व्यापारियों द्वारा मनमाने तरीके से कम रेट पर खरीदी की जा रही है, जिसे वे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगे।

प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए मंडी में नीलामी प्रक्रिया बंद रही और मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसानों ने मांग की कि प्याज का समर्थन मूल्य तय किया जाए और तत्काल उचित भाव पर खरीदी सुनिश्चित की जाए।

सूचना मिलते ही प्रशासन और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

लगातार गिरते प्याज के दामों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और तेज होने की चेतावनी भी किसानों ने दी है।
