नीमच। जिले की कृषि उपज मंडी में गुरुवार को प्याज के दाम औंधे मुंह गिरने से किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंडी में प्याज के भाव मात्र 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कम कीमतों से आक्रोशित किसानों ने मंडी कार्यालय का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि व्यापारियों की मनमानी और मिलीभगत के चलते जानबूझकर प्याज के दाम गिराए जा रहे हैं, जबकि लागत भी नहीं निकल पा रही है।

प्रदर्शन के दौरान वॉइस ऑफ एमपी न्यूज चैनल के कैमरे के सामने किसानों का दर्द छलक पड़ा। किसानों ने कहा कि खेत से लेकर मंडी तक मेहनत और खर्च बढ़ता जा रहा है, लेकिन उचित मूल्य नहीं मिलने से वे कर्ज और आर्थिक संकट की ओर धकेले जा रहे हैं।

किसानों ने शासन-प्रशासन से प्याज के न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने, व्यापारियों पर नियंत्रण लगाने तथा मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
