नीमच। मंडी व्यापारी संघ के आगामी चुनाव में अब सियासी और व्यापारी हलचल अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है। अध्यक्ष पद की दौड़ में राकेश भारद्वाज (अफसर) की एंट्री के साथ ही चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। उनके मैदान में उतरते ही मुकाबला और अधिक दिलचस्प व कशमकश भरा हो गया है। राकेश भारद्वाज सहित कुल 5 उम्मीदवार अध्यक्ष पद की दौड़ के लिए जोर आजमा रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की आज अंतिम तिथि निर्धारित थी। जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि कल 24 दिसंबर 2025 को शाम 5 बजे तक रहेगी। मतदान 4 जनवरी 2026 को कराया जाएगा।

पांच दावेदार अध्यक्ष पद की दौड़ में-
अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल पांच नामांकन दाखिल किए जा चुके हैं। इनमें गोपाल गर्ग (जीजी), राजेंद्र गर्ग, कमल गर्ग, सत्यनारायण शर्मा और राकेश भारद्वाज (अफसर) शामिल हैं। राकेश भारद्वाज ने आज पांचवें उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 23 नामांकन प्राप्त हुए हैं, जिनमें विक्रम अजमेरा, अशोक कुमार बंसल, अनिल मित्तल, कमलेश गर्ग और विजय कुमार जैन जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

कांटे की टक्कर तय, जीजी माने जा रहे वजनदार उम्मीदवार-
चुनावी चर्चाओं में गोपाल गर्ग (जीजी) को एक मजबूत और वजनदार उम्मीदवार माना जा रहा है। वहीं कमल गर्ग ‘दादा’ और अन्य प्रत्याशी भी अपने-अपने खेमे में समर्थन जुटाने में लगे हैं। सूत्रों की मानें तो एक ही खेमे से जुड़े दो उम्मीदवारों में से अंततः कोई एक ही मैदान में टिके रहने की संभावना है, जिससे मुकाबला और स्पष्ट हो सकता है।

‘बापू’ फैक्टर भी अहम
चुनाव में ‘बापू’ का रोल भी अहम माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में प्रतिनिधि दिलीप सिंह परिहार ‘बापू’ के चुनाव संचालन की जिम्मेदारी राकेश भारद्वाज (अफसर) ने संभाली थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि भारद्वाज चुनाव मैदान में डटे रहते हैं तो बापू और उनके समर्थकों का उन्हें खुला समर्थन मिल सकता है।

अग्रवाल फैक्टर बदल सकता है समीकरण-
सूत्रों के अनुसार मंडी व्यापारी संघ में करीब एक हजार मतदाता हैं। इनमें लगभग 500 मतदाता अग्रवाल समाज से आते हैं, जबकि शेष 500 में करीब 250 जैन समाज और 250 अन्य समाजों के मतदाता हैं। यदि गोपाल गर्ग (जीजी), राजेंद्र गर्ग और कमल गर्ग तीनों अध्यक्ष पद की दौड़ में बने रहते हैं, तो जातिगत समर्थन के आधार पर मुकाबला और भी दिलचस्प व कांटे का हो सकता है।

अफसर की एंट्री से बदले समीकरण-
मंडी चुनाव को लेकर राजनीति से जुड़े जानकारों का कहना है कि अध्यक्ष पद की दौड़ में अब पूर्व अध्यक्ष राकेश भारद्वाज भी जुड़़ गए हैं। उन्होंने आज नामांकन दाखिल करने के आखिर दिन अपना फॉर्म जमा किया है। कुल मिलाकर अफसर की एंट्री के बाद मंडी व्यापारी संघ का चुनाव अब सीधा और आसान नहीं रहा। आने वाले दिनों में नाम वापसी और गठजोड़ चुनाव की दिशा तय करेंगे।
