नीमच। 4 जनवरी को होने वाले नीमच मंडी व्यापारी संघ के आगामी चुनाव को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। आज फॉर्म उठाने की अंतिम तिथि है। निर्वाचन का दिन नजदीक आते ही व्यापारियों में उत्साह और राजनीतिक हलचल दोनों देखने को मिल रही हैं।

व्यापारी संघ के प्रतिनिधि नवल जी मित्तल ने वॉइस ऑफ एमपी से बातचीत में बताया कि नीमच मंडी का व्यापारी संघ अब एशिया की नंबर वन मंडी बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि संघ का पद अत्यंत प्रतिष्ठित और गरिमामय है, जो व्यापारियों के बीच सम्मान और इज्जत का प्रतीक माना जाता है। नवल मित्तल के अनुसार संघ की ताकत व्यापारियों की संगठित शक्ति और समय पर सहयोग में निहित है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी चुनाव निष्पक्ष और शांतिप्रिय माहौल में होगा। किसी भी राजनीतिक दल या जातिगत समीकरण का व्यापारी चुनाव पर प्रत्यक्ष असर नहीं होगा। पिछले चुनावों में उन्होंने देखा कि व्यापारियों ने जाति या राजनीतिक आधार पर नहीं बल्कि निष्पक्षता और संगठन के हित को देखते हुए वोट दिया।

व्यापारी संघ चुनाव के दौरान प्रमुख मुद्दों में साफ-सुथरा व्यापार, नाजायज वसूली से सुरक्षा, किसानों और व्यापारियों के बीच पारदर्शिता और संगठन की मजबूती शामिल हैं। नवल मित्तल ने यह भी कहा कि काला दाना और पोस्ता जैसी सामग्री के व्यापार में अब व्यवस्थित और साफ-सुथरी नीति अपनाई जा रही है, जिससे व्यापारी वर्ग को परेशानी नहीं हो रही।

उन्होंने उम्मीद जताई कि फॉर्म जमा होने के बाद चुनाव में केवल दो प्रमुख चेहरे आमने-सामने रहेंगे और यह मुकाबला कशमकश भरा लेकिन निष्पक्ष होगा। व्यापारी वर्ग शांतिप्रिय है और चुनाव में अनुशासन और संगठन की ताकत ही निर्णायक भूमिका निभाएगी।

नवल मित्तल के अनुसार व्यापारियों की प्राथमिकता हमेशा संगठन के हित और व्यापार की पारदर्शिता रही है। उन्होंने सभी व्यापारी साथियों से संयम और सहयोग की अपील की, ताकि मंडी का यह प्रतिष्ठित चुनाव सफल और संतुलित तरीके से संपन्न हो।
