नीमच। नीमच मंडी में लगभग 20 वर्षों बाद मंडी व्यापारी संघ के चुनाव हो रहे हैं, जिससे व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अध्यक्ष पद के लिए इस बार दो दिग्गज दावेदार मैदान में हैं, वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कुल 18 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
अध्यक्ष पद के लिए एक ओर पूर्व मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष रह चुके राकेश भारद्वाज (अफसर) चुनाव मैदान में हैं, तो दूसरी ओर युवा और सक्रिय व्यापारी नेता गोपाल गर्ग (जीजी) भी मजबूती से दावेदारी पेश कर रहे हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़ी और रोचक मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जनसंपर्क तेज हो गया है। दोनों प्रत्याशी व्यापारियों से मिलकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। गोपाल गर्ग को व्यापारियों का अच्छा समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारियों द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 4 तारीख को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि नीमच मंडी व्यापारी संघ का नया अध्यक्ष कौन बनेगा। फिलहाल मंडी परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है और व्यापारियों में चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं।