नीमच। नीमच व्यापारी संघ के चुनाव ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। जैसे-जैसे 4 जनवरी की मतदान तिथि नजदीक आ रही है, मंडी की राजनीति में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। अध्यक्ष पद के लिए दोनों प्रमुख दावेदार मैदान में पूरी मजबूती के साथ उतर चुके हैं, जिससे मुकाबला रोचक और कांटे का बनता जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को अध्यक्ष पद के दावेदार राकेश भारद्वाज (अफसर) ने चंगेरा कृषि उपज मंडी में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने मंडी परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापारियों से सीधा संवाद कर समर्थन मांगा। जनसंपर्क के दौरान कई स्थानों पर व्यापारियों ने उनका स्वागत किया, जिससे चुनावी माहौल और गर्मा गया।

जनसंपर्क के दौरान नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार की उपस्थिति ने चुनावी चर्चा को और तेज कर दिया। विधायक की मौजूदगी को राजनीतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है, जिससे व्यापारी संघ चुनाव में सियासी समीकरणों पर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।वहीं, अध्यक्ष पद के दूसरे दावेदार गोपाल गर्ग (जीजी) ने पुरानी कृषि उपज मंडी एवं औषधि मंडी क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क कर अपनी दावेदारी मजबूत की। दोनों खेमों के समानांतर प्रचार अभियान ने चुनाव को पूरी तरह कांटे की टक्कर में बदल दिया है।

जनसंपर्क के दौरान राकेश भारद्वाज ने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं और इस दौरान व्यापारियों के हितों की रक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुनः निर्वाचित होने पर मंडी में पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। चुनावी अभियान के चलते मंडी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और चुनावी चर्चाएं हर ओर सुनाई दे रही हैं। अब सभी की निगाहें 4 जनवरी पर टिकी हैं, जब मतदान के बाद यह तय होगा कि नीमच व्यापारी संघ की कमान किसे सौंपी जाएगी।
