नीमच। नीमच व्यापारी संघ के चुनाव अब निर्णायक और रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुके हैं। अध्यक्ष पद के लिए दो मजबूत दावेदार मैदान में हैं। एक ओर पिछले लगभग 20 वर्षों तक व्यापारी संघ का नेतृत्व कर चुके अनुभवी व्यापारी राकेश भारद्वाज (अफसर) तो दूसरी ओर युवा नेतृत्व के प्रतीक गोपाल गर्ग (जीजी) चुनावी मैदान में हैं।

चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है और व्यापारियों के बीच व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। राकेश भारद्वाज अपने 20 वर्षों के कार्यकाल, अनुभव और शांतिपूर्ण व्यापारिक वातावरण को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए समर्थन मांग रहे हैं। उनका कहना है कि व्यापारी संघ का मूल उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का निष्पक्ष, ईमानदार और समय पर समाधान करना है, जिसे उन्होंने अपने कार्यकाल में प्राथमिकता दी।

भारद्वाज ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे 4 तारीख को निर्भीक होकर मतदान करें और उस प्रत्याशी को चुनें जो मंडी के व्यापार को बिना भय, बिना दबाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगे बढ़ा सके।

चुनाव प्रचार के दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार बापू की भी एंट्री हो चुकी है। उन्होंने राकेश भारद्वाज के समर्थन में व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि नीमच मंडी प्रदेश की सर्वसुविधायुक्त मंडियों में से एक है, जहां किसान, व्यापारी और कर्मचारी मिलकर कार्य करते हैं। उन्होंने भारद्वाज को सेवाभावी, अनुभवी और व्यापारियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाला व्यक्ति बताया।

वहीं व्यापारियों का कहना है कि राकेश भारद्वाज का 20 वर्षों का कार्यकाल शांतिपूर्ण रहा और उन्होंने कभी किसी व्यापारी को परेशानी नहीं होने दी। इसी अनुभव के आधार पर उन्हें समर्थन मिल रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दारा सिंह भी व्यापारी के रूप में मैदान में नजर आए और उन्होंने इसे व्यापारियों का चुनाव बताते हुए सक्रिय सहभागिता की बात कही।

फिलहाल नीमच की नई चंगेरा मंडी सहित पूरे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। एक ओर अनुभव के आधार पर वोट मांगे जा रहे हैं, तो दूसरी ओर युवा टीम और नए विचारों के नाम पर समर्थन जुटाया जा रहा है। अब सभी की नजरें 4 तारीख पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि व्यापारी संघ की कमान किसके हाथों में जाएगी।