नीमच। व्यापारी संघ के चुनाव में अब मात्र दो दिन शेष रह गए हैं और चुनावी माहौल दिन-ब-दिन जबरदस्त कशमकश की ओर बढ़ता जा रहा है। अध्यक्ष पद सहित 10 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे हुए हैं। अंतिम दौर में चुनाव अब बेहद रोचक और प्रतिष्ठापूर्ण बन चुका है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राकेश भारद्वाज को लेकर व्यापारी वर्ग में व्यापक चर्चा है। उनके समर्थन में कई वरिष्ठ व्यापारियों ने खुलकर अपनी राय रखी। व्यापारियों का कहना है कि भारद्वाज के साथ वर्षों से जुड़े अनुभव, सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यापारियों के हितों के लिए किए गए कार्य उनकी मजबूत दावेदारी को दर्शाते हैं।
व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों ने कहा कि पिछले लगभग 20 वर्षों के कार्यकाल में राकेश भारद्वाज ने निष्पक्ष रूप से व्यापारियों, किसानों और मंडी से जुड़े सभी वर्गों के हितों की रक्षा की है। मंडी के विकास कार्यों में उनकी भूमिका को लेकर व्यापारी संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
समर्थकों का यह भी कहना है कि इस चुनाव में मतदाता भले ही सार्वजनिक रूप से कम बोल रहे हों, लेकिन भीतर ही भीतर समर्थन स्पष्ट है। कई व्यापारियों ने इसे विधायक स्तर का प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव बताया और कहा कि परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं।
महिलाओं में भी दिखा समर्थन-
चुनाव प्रचार के दौरान व्यापारी वर्ग की महिलाओं में भी उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने कहा कि राकेश भारद्वाज ने पूर्व में गरीब और छोटे व्यापारियों का सहयोग किया है और भविष्य में भी उनसे यही अपेक्षा है। महिलाओं ने विश्वास जताया कि वे व्यापारियों की समस्याओं को समझते हैं और आगे भी सहयोग करेंगे।
कुल मिलाकर, चुनाव के अंतिम दो दिनों में व्यापारी संघ का चुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। अब यह देखना शेष है कि मतदाता किसे अपना समर्थन देकर नेतृत्व सौंपते हैं।