देवास। पर्यावरण संरक्षण एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कलेक्टर के निर्देश पर आरटीओ विभाग द्वारा शुक्रवार को कलेक्टर परिसर में शासकीय वाहनों की पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के शासकीय वाहनों की जांच की गई, जिसमें कुछ वाहन निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
जांच के दौरान नगर निगम के कचरा संग्रहण में उपयोग किए जा रहे कई वाहनों में पीयूसी से संबंधित तकनीकी त्रुटियां पाई गईं। इस पर आरटीओ अधिकारी निशा चौहान ने संबंधित वाहन चालकों एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
आरटीओ अधिकारी ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन शासकीय एवं निजी, दोनों प्रकार के वाहनों के लिए अनिवार्य है। समय-समय पर पीयूसी जांच कराना न केवल कानूनी आवश्यकता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक अहम कदम है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका निगम एवं जिला परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय पीयूसी जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।