चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने गोदाम से लोडिंग टेम्पो सहित 10 क्विंटल सरसों और 15 क्विंटल लहसुन चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लोडिंग टेम्पो, सरसों के कट्टे, गैस चूल्हा मय टंकी, एलईडी, कूलर तथा लहसुन बेचकर प्राप्त 52 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बोहेड़ा निवासी विनोद कुमार जैतावत ने 24 जुलाई को बड़ीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार डूंगला रोड, बोहेड़ा स्थित उनके किराए के गोदाम से चोर ताला तोड़कर लोडिंग टेम्पो सहित उसमें रखे 20 कट्टे सरसों, 30 कट्टे व 5 डिब्बे लहसुन तथा कमरे में रखा कूलर, एलईडी और गैस चूल्हा चोरी कर ले गए थे।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बोहेड़ा, डूंगला, चिकरड़ा, सांवरियाजी और बानसेन क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान बानसेन में चोरी का सामान टेम्पो से दूसरे वाहन में शिफ्ट किए जाने के सुराग मिले। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के बाद वाजीद मीर खां, इरफान मोहम्मद और दीपक जटिया को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी का लोडिंग टेम्पो, सरसों के कट्टे, गैस चूल्हा मय टंकी, एलईडी, कूलर तथा लहसुन बेचकर प्राप्त 52 हजार रुपये बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी-
- वाजीद मीर खां निवासी खेड़ा बनेष्टी (बिलायतीखेड़ा), थाना शंभूपुरा, चित्तौड़गढ़।
- इरफान मोहम्मद निवासी नई आबादी पुठोली, थाना गंगरार, चित्तौड़गढ़।
- दीपक जटिया निवासी नई आबादी बानसेन, थाना भदेसर, चित्तौड़गढ़।
पुलिस टीम-
एएसआई झामेश्वर सिंह, कांस्टेबल प्रेमाराम, बाबूलाल, धर्मीचंद, राजकुमार एवं रामूलाल की भूमिका रही।