प्रतापगढ़। शहर में एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में लोन फोरक्लोजर रिपोर्ट को लेकर विवाद के बाद कथित तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन ने करीब 15 से 20 युवकों पर कार्यालय में जबरन प्रवेश कर प्रिंटर, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। साथ ही कर्मचारियों को धमकी देने की बात भी कही गई है।
उम्मीद हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक कपिल जोशी ने बताया कि चारभुजा कॉलोनी निवासी नारायण लाल मीणा ने कंपनी से करीब 10 लाख रुपये का आवास ऋण लिया हुआ है। ऋण की किश्तें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा की जा रही थीं। ऋण समाप्त करने के लिए नारायण लाल ने फोरक्लोजर रिपोर्ट की मांग की थी।
प्रबंधक के अनुसार कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि रिपोर्ट उसी दिन उपलब्ध नहीं हो पाएगी और अगले दिन दी जाएगी। इसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई। आरोप है कि नारायण लाल कर्मचारियों को देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए।
कंपनी प्रबंधन का आरोप है कि कुछ देर बाद नारायण लाल करीब 15 से 20 युवकों के साथ कार्यालय पहुंचे और कथित रूप से तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान कार्यालय में रखे प्रिंटर, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं फर्नीचर को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। आरोप है कि युवक कर्मचारियों को धमकी देकर वहां से चले गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी शंभू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले में पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
(जानकारी शुक्रवार दोपहर 3.40 बजे दी गई।)