मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जाया जा रहा 76 किलो 410 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर और मोबाइल भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी (ग्रामीण) कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर का लाल रंग का महिंद्रा 275 DI XP ट्रैक्टर दलौदा से सीतामऊ होते हुए राजस्थान की ओर जा रहा है, जिसमें अवैध मादक पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर ट्रैक्टर को रोका।
तलाशी के दौरान ट्रैक्टर के पिछले बड़े टायरों में प्लास्टिक के काले कट्टों में छिपाकर रखा गया 76 किलो 410 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1.55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी दिनेश पुत्र सुरता राम विश्नोई, निवासी कोटड़ा, थाना रानीवाड़ा, जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बिना नंबर का महिंद्रा ट्रैक्टर (कीमत लगभग 3 लाख रुपये) तथा एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
इस संबंध में थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के खरीदार, सप्लायर एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना टीम की भूमिका को सराहनीय बताया है।