चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस, अवैध खनन, साइबर अपराध और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान 28 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11,752 संदिग्ध वाहनों की जांच कर 6,220 चालान बनाए गए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के तहत चिन्हित 59 वांछित एवं संगठित अपराधियों में से 28 को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा विभिन्न धाराओं के तहत 62 प्रभावी कानूनी कार्रवाई की गई तथा 4 मामलों में स्पेशल लोक अभियोजक नियुक्त किए गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई
मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए 25 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 2,508.856 किलोग्राम डोडा चूरा, 96.01 ग्राम स्मैक और 22.120 किलोग्राम गांजा जब्त किया। वहीं, तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित करीब 8 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करते हुए धारा 68-एफ के तहत 15 कार्रवाई की गई।
अवैध खनन और हथियारों पर भी कार्रवाई
अवैध खनन के 11 प्रकरण दर्ज कर 32 संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान 37 ट्रैक्टर, 14 डंपर और एक जेसीबी जब्त की गई तथा 414 टन रेत, 120 टन मिट्टी और 13 टन पत्थर जब्त कर 13.86 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर 7 अवैध हथियार, 57 कारतूस बरामद किए गए और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर निगरानी
साइबर अपराध के 7 प्रकरण दर्ज कर 16 बैंक खाते फ्रीज किए गए, जिनमें 32.13 लाख रुपये की राशि सुरक्षित की गई तथा 14.87 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए। सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली 20 पोस्ट हटवाते हुए 5 प्रकरण दर्ज किए गए और 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
जिले में 237 नाकाबंदी पॉइंट लगाकर व्यापक वाहन जांच की गई। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करने, काली फिल्म और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर हजारों चालान काटे गए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।