चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना चंदेरिया में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी डीएसटी पुलिस निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन में रामावतार सहित कांस्टेबल सुनील, दुर्गेश, हेमराज, पदम, जोगेंद्र, मनीष, पुरखाराम, राकेश, साहिल और मुकेश की टीम गठित की गई थी।
कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकेश पुत्र शंकरलाल जाट, निवासी भूतिया खुर्द, थाना भदेसर, जो थाना चंदेरिया के एनडीपीएस प्रकरण में फरार एवं 10 हजार रुपये का इनामी आरोपी है, किसी कार्य से चित्तौड़गढ़ आने वाला है।
सूचना के आधार पर डीएसटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को चित्तौड़गढ़ से डिटेन कर लिया। सत्यापन में उसके इनामी आरोपी होने की पुष्टि होने पर उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर अग्रिम अनुसंधान के लिए पुलिस थाना चंदेरिया के सुपुर्द कर दिया गया।