नीमच। शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए नीमच कैंट थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को फरियादी दीपक डगवार ने थाना नीमच कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कोटक महिंद्रा बैंक में कार्यरत है और कार्यालय के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने साहिल पिता अय्यूब पठान निवासी एकता कॉलोनी, नीमच को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय शहर में घूमकर विशेष रूप से पुरानी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान वे मुंह ढंककर और सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
मामले में आरोपी गोलू निवासी निम्बाहेड़ा फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य चोरी की वारदातों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, प्रधान आरक्षक योगेंद्र सिंह, आरक्षक मधुसूदन बैरागी, राहुल सोलंकी, सोनेंद्र, सर्वेश, आशुतोष, चालक धीरेंद्र तथा साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही।