मंदसौर। मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह के नाम और फोटो का उपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी अकाउंट के माध्यम से लोगों से पैसों की मांग किए जाने की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर दिव्यांक सिंह के नाम से संचालित यह फेसबुक प्रोफाइल एवं मोबाइल नंबर 7838116357 उनका आधिकारिक अकाउंट या संपर्क नंबर नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, फ्रेंड रिक्वेस्ट, व्हाट्सएप मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की धनराशि अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
प्रशासन ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कलेक्टर के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट या संदिग्ध नंबर से कोई संदेश प्राप्त होता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या साइबर सेल को दी जाए, ताकि संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने नागरिकों से सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदेश या जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसका सत्यापन जरूर करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है।