मंदसौर। दलौदा पुलिस ने व्यापारी की दुकान से 64 हजार रुपये चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी राशि बरामद करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी इंदौर निवासी है, जिसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश एवं थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को गुर्जरबर्डिया निवासी विक्रम पाटीदार ने दलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दलौदा स्थित श्री सांवलिया होम डेकोर दुकान के गल्ले से 4 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अज्ञात व्यक्ति ने 64 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय व्यापारी अपने कर्मचारी के साथ दुकान के पीछे बने गोदाम में गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर गल्ले से नकदी चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और घटना स्थल सहित आरोपी के संभावित रास्तों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इंदौर निवासी मोईन उर्फ काला उर्फ बारिक (21) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 64 हजार रुपये की पूरी राशि बरामद कर ली गई। थाना प्रभारी रविंद्र डांगी ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 14 मामले दर्ज हैं।
वर्तमान मामले में आरोपी के खिलाफ दलौदा थाने में बीएनएस की धारा 331(3) एवं 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।