कोटा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की राजस्थान यूनिट ने 6 अगस्त को कोटा में कार्रवाई करते हुए 1.368 किलोग्राम अवैध चरस जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
CBN को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कोटा के JDB कॉलेज सर्किल के पास चरस के लेन-देन के लिए मिलने वाले हैं। सूचना के आधार पर झालावाड़ डिवीजन की टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखने के बाद दोनों संदिग्धों को JDB कॉलेज सर्किल, सीवी गार्डन के सामने रोका गया।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से 1.368 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया। मामले में दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
CBN अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अधिकारियों की सतर्कता, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। विभाग का कहना है कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील-
CBN ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है। सूचना CBN राजस्थान यूनिट हेल्पलाइन 0744-2438928, व्हाट्सऐप 8764748232 अथवा ई-मेल [email protected] पर दी जा सकती है। विभाग के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।