चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 किलो 855 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी डिटेन किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचंद्र सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
06 अगस्त 2026 को बड़ीसादड़ी थाना प्रभारी एसआई बाबूलाल मय पुलिस जाप्ते के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उम्मेदपुरा जीएसएस के पास उम्मेदपुरा से सोनिगरों का खेड़ा जाने वाले रास्ते पर दो संदिग्ध व्यक्ति पीठ पर बैग लटकाए खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वहां से जाने लगे, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
संदेह होने पर दोनों के बैगों की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी श्रवण कुमार पिता पिलूराम भादू निवासी दुतारावाली, थाना बावलवाला, जिला फाजिल्का (पंजाब), हाल निवासी सियासर चौगान, थाना खाजूवाला, जिला बीकानेर के बैग से 9 किलो 885 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
वहीं विधि से संघर्षरत बालक के बैग से 5 किलो 970 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने दोनों बैगों से कुल 15 किलो 855 ग्राम अफीम डोडाचूरा जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी श्रवण कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग को निरुद्ध किया गया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज होना सामने आया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे-
एसआई बाबूलाल, कांस्टेबल राकेश कुमार, प्रेमाराम, विजय सिंह, जगदीश एवं धर्मीचंद का कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा।