नीमच। जिले में करीब एक सप्ताह की लंबी खेंच के बाद शनिवार को मानसून मेहरबान हुआ। सुबह से जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में तेज गर्मी और उमस का दौर बना हुआ था। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद करीब 3रू30 बजे झमाझम बारिश शुरू हुई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
लंबी खेंच के बाद हुई बारिश से आमजन को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे और अन्नदाताओं ने राहत की सांस ली। बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले साल के मुकाबले बारिश में बड़ा अंतर-
नीमच जिले में चालू वर्षाकाल में अब तक 13.7 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 28.8 इंच बारिश हो चुकी थी। यानी इस वर्ष अब तक पिछले साल की तुलना में बारिश काफी कम हुई है। विकासखंडवार बारिश की स्थिति की बात करें तो नीमच में 15.9 इंच, जावद में 10.9 इंच, मनासा में 12.6 इंच और सिंगोली में 15.13 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
जिले की औसत वार्षिक बारिश 32.5 इंच मानी जाती है। वर्तमान में जिले में औसत बारिश की तुलना में करीब 18.8 इंच बारिश की कमी बनी हुई है। ऐसे में शनिवार को हुई बारिश ने किसानों के साथ आमजन को भी बड़ी राहत दी है।