मंदसौर। जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के जग्गाखेड़ी गांव में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय जितेंद्र उर्फ अर्जुन जाट की मौत हो गई। अर्जुन बाइक से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था, तभी जग्गाखेड़ी क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अर्जुन को निजी वाहन से जिला अस्पताल मंदसौर लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पेट्रोल भरवाने के बाद लौट रहा था घर-
परिजनों के अनुसार अर्जुन खेती का काम करता था। शुक्रवार शाम खेत से काम खत्म करने के बाद वह घर आया और परिवार के साथ खाना खाने के बाद बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए निकला था। पेट्रोल भरवाकर वापस लौटते समय जग्गाखेड़ी क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
दो बच्चों का पिता था अर्जुन-
मृतक जितेंद्र उर्फ अर्जुन जाट जग्गाखेड़ी गांव का निवासी था। वह दो बच्चों का पिता था। उसके एक करीब डेढ़ वर्षीय बेटा और चार वर्षीय बेटी है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस-
हादसे के बाद अर्जुन का शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।