खरगोन। सावन माह के पावन अवसर पर शनिवार को बमनाला से त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के लिए डाक कांवड़ यात्रा रवाना हुई। करीब 500 से 600 किलोमीटर की इस लंबी यात्रा में लगभग 200 से 250 युवा कांवड़िए शामिल हुए हैं। युवाओं में भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
यह डाक कांवड़ यात्रा पिछले करीब 14 वर्षों से निकाली जा रही है। हरियाणा और बिहार की तर्ज पर शुरू हुई इस यात्रा में शामिल कांवड़िए निर्धारित समय में त्र्यंबकेश्वर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
शनिवार को बमनाला से यात्रा शुरू होने के बाद कांवड़ियों का जत्था खरगोन शहर की ओर भी पहुंचेगा। यात्रा के दौरान गायत्री मंदिर पर दोपहर करीब 12 से 12ः30 बजे के बीच कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। यहां श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
डाक कांवड़ यात्रा में शामिल युवा पूरे रास्ते अनुशासन के साथ शिवभक्ति में आगे बढ़ेंगे। यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ कांवड़िए त्र्यंबकेश्वर की ओर रवाना हुए।