चित्तौड़गढ़। झातला माता पांडोली मंदिर में दर्शन के दौरान महिला की सोने की चेन चोरी की वारदात का चित्तौड़गढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। डीएसटी (चोरी निरोधक टीम) और चंदेरिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह की दो शातिर महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई 13 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की वारदातों के शीघ्र खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं ग्रामीण वृत्ताधिकारी दिनेश सुखवाल के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को भीलवाड़ा निवासी ललित कुमार जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी हेमलता जैन के साथ झातला माता मंदिर दर्शन के लिए आए थे। मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं ने उनकी पत्नी के गले से करीब 13 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों महिला आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर चोरी की चेन बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी-
- जया बाछड़ा पत्नी रोहित बाछड़ा, निवासी बरखेड़ा, थाना कुकड़ेश्वर (मध्यप्रदेश)
- पूजा बाछड़ा पत्नी अर्जुन बाछड़ा, निवासी पिपलिया रुड़ी, थाना मनासा (मध्यप्रदेश)
पूछताछ में बड़ा खुलासा-
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे श्री सांवलियाजी सेठ मंदिर, झातला माता मंदिर, शनि महाराज मंदिर सहित मेलों, रैलियों और धार्मिक आयोजनों की भीड़ में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन चोरी की वारदातों को अंजाम देती थीं। पुलिस अब उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी जया बाछड़ा के खिलाफ वर्ष 2025 में चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाने में भी चेन चोरी का मामला दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आदतन एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।