नीमच। शहर के एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने अपहरण, मारपीट और कथित रूप से 25 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत सामने आने के बाद मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एलआईसी चौराहा स्थित चेतक बिल्डिंग निवासी भोजपा नेता के भतीजे व प्रॉपर्टी व्यवसायी हर्षित चौपड़ा जैन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पहचान प्रॉपर्टी कारोबारी कमलेश धनगर से थी। आरोप है कि 2 अगस्त को कमलेश ने फायदे की जमीन दिखाने के बहाने उन्हें पीजी कॉलेज के पीछे बुलाया और वहां से स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध राजस्थान के निंबाहेड़ा ले गया।
शिकायत के अनुसार, निंबाहेड़ा के पास दो अन्य लोगों को भी वाहन में बैठाया गया। इसके बाद उन्हें एक पत्थर की खदान पर ले जाकर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और 50 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि डर के कारण उन्होंने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद कथित रूप से 15 लाख रुपये नीमच से तथा 10 लाख रुपये निंबाहेड़ा से आरोपियों तक पहुंचाए गए।
हर्षित का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने अतिरिक्त 25 लाख रुपये की मांग करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मौका मिलने पर वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकले और हाईवे पर राहगीरों की मदद से रानीखेड़ा चौराहे पहुंचे, जहां राजस्थान पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। बाद में उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
शिकायत में कमलेश धनगर, प्रथम प्रजापति तथा दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, हथियार के बल पर धमकाने और जबरन रुपये वसूलने के आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप कर लिया है।
फिलहाल यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन पर आधारित हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में जांच पूरी होने और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।