मंदसौर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने मंदसौर और नीमच जिले के नागरिकों से समय रहते राखियाँ, उपहार एवं शुभकामना संदेश स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवा के माध्यम से बुक कराने की अपील की है। विभाग ने बताया कि देश-विदेश में रहने वाले भाई-बहनों तक राखियाँ सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए सभी डाकघरों में विशेष व्यवस्था की गई है।
डाक अधीक्षक ने बताया कि भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं के माध्यम से राखियों की बुकिंग लगातार की जा रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर समय पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रसंस्करण एवं प्रेषण की विशेष तैयारियां की गई हैं।
विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए अपनी राखियाँ और उपहार शीघ्र बुक कराएं, ताकि स्नेह का यह पावन संदेश समय पर अपने प्रियजनों तक पहुंच सके।