नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अल्टो कार से परिवहन किया जा रहा 36 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी सरवानिया महाराज, थाना जावद द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थ तस्करी की सूचना मिलने पर 4 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी सरवानिया महाराज द्वारा लासुर-मोरवन रोड स्थित नागेश्वर मंदिर के सामने नाकाबंदी की गई। इस दौरान बिना नंबर की अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश पिता चौतनराम चौधरी (32 वर्ष), निवासी ओझा का वास, ग्राम बुडकिया, तहसील व थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) तथा संजय पिता आदुराम जाट (32 वर्ष), निवासी बीचली बास, सोपरा, तहसील व थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा एवं तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार जब्त की है। मामले में थाना जावद पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन सहित पुलिस चौकी सरवानिया महाराज के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है।