चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले ही बदमाशों की योजना को विफल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, धारदार चाकू और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने प्रकरण में नामजद कर तलाश शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरीशचंद्र सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को एएसआई लीलाराम मय जाब्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पारलिया-कीरतपुरा रोड स्थित पानी की टंकी के पास एक सफेद रंग की टोयोटा इटियोस कार खड़ी दिखाई दी। मुखबिर की सूचना के अनुसार कार में बैठे पांच व्यक्ति डकैती की योजना बना रहे थे।
पुलिस टीम को देखकर सभी आरोपी खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आहीद पिता अकरम खान निवासी अलीपुरा, भोपालपुरा (उदयपुर), हाल निवासी राजसमंद बताया। आरोपी ने मौके से फरार हुए अपने चार साथियों के नाम भी पुलिस को बताए, जिन्हें प्रकरण में नामजद कर तलाश की जा रही है।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो गियर बॉक्स के पास एक धारदार चाकू तथा डैशबोर्ड के अंदर एक देशी पिस्टल मय मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले। सभी हथियारों को नियमानुसार जब्त कर आरोपी आहीद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट एवं हत्या के प्रयास जैसे प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीमरू एएसआई लीलाराम, कांस्टेबल राकेश कुमार, दिनेश कुमार, बाबूलाल, राकेश, ओमप्रकाश एवं नानूराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।