नीमच। मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से परिवहन किया जा रहा 58.840 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस थाना कुकड़ेश्वर द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 2-3 अगस्त 2026 की दरमियानी रात वाहन चेकिंग के दौरान अरावली गोशाला के सामने टामोटी रोड पर एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में बाइक पर रखे तीन बैगों से 58.840 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया।
मौके से पुलिस ने आरोपी रंजीत सिंह पिता अशोक कुमार कश्यप (28 वर्ष), निवासी ग्राम साहसपुर बनकिया, थाना मांदाबाद, जिला फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम रामामंडी, जिला बठिंडा (पंजाब) तथा मनीष कुमार पिता रमेश सिंह नायक (29 वर्ष), निवासी रामामंडी, जिला बठिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी के नेटवर्क, सप्लायर एवं अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना कुकड़ेश्वर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।