नीमच। जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, सेतु निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं जिला खनिज प्रतिष्ठान के अंतर्गत स्वीकृत और निर्माणाधीन कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तकनीकी मापदंडों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में धीमी प्रगति वाले कार्यों पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने वन विभाग की अनुमति के कारण रुके निर्माण कार्यों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने को कहा। वहीं एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में गति लाकर समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक सहित संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता, महाप्रबंधक एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।