नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस, स्कूल शिक्षा विभाग एवं यूएनएफपीए के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक व्यास ने कहा कि ‘सृजन संवाद योजना’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, उत्तरदायी नागरिकता, सुरक्षा बोध तथा न्याय तक पहुंच की समझ विकसित करना है। उन्होंने कहा कि छात्रों को संविधान, उनके अधिकारों, पुलिस की कार्यप्रणाली एवं कानून संबंधी जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत शिक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को थानों का भ्रमण कराकर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा से जुड़े कानून तथा डायल-112 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इससे युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकेंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, महिला सुरक्षा उप पुलिस अधीक्षक निकिता सिंह, विद्यालय प्राचार्य महेश शर्मा, शिक्षक मानसिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास एवं अन्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।