शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव स्थित शिव मंदिर में कथित अभद्रता के मामले को लेकर गुरुवार को सकल हिंदू समाज एवं विभिन्न हिंदू संगठनों ने पोहरी चौराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी सोनू जाटव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जिलाबदर करने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की मांग की।
इससे पहले प्रदर्शनकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। मुलाकात नहीं होने और मांगों पर संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। इसके बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पोहरी चौराहे पहुंचे और सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मौके पर पहुंचे एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कर यातायात बहाल कराया गया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि 5 अगस्त को कुंवरपुर के प्राचीन शिव मंदिर में आरोपी ने हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ पहले ही प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।