चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर निंबाहेड़ा के आबकारी एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी किशन पिता गोवर्धन भील, निवासी पारलिया (थाना बड़ी सादड़ी) को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर डीएसटी प्रभारी निरीक्षक जोधाराम के नेतृत्व में एएसआई सूरज कुमार, एएसआई राजकुमार (साइबर सेल) तथा पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी, जो वर्तमान में उदयपुर के लीला पैलेस होटल में मजदूरी करता है, सामाजिक कार्य से अपने गांव आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करता था और अपने साथियों के मोबाइल से सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम, चलाता था। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और इंस्टाग्राम गतिविधियों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सदर निंबाहेड़ा के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस थाना निकुंभ के कांस्टेबल अचलाराम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।