नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित मेसी शोरूम चौराहे पर मंगलवार शाम सड़क हादसे के बाद विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार एक महिला कार चालक ने रॉन्ग साइड से ओवरटेक करते हुए राजस्थान रोडवेज की बस को टक्कर मार दी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज की कोटा डिपो की बस मंगलवार शाम करीब 4 बजे कोटा से बांसवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान शिवाजी सर्कल के समीप लाल रंग की बलेनो कार क्रमांक एमपी 44 सीए 6544 रॉन्ग साइड से ओवरटेक करते हुए बस से जा टकराई। टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
कार महिला चालक शिखा सोलंकी चला रही थीं। हादसे के बाद उनके परिचित भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद बस चालक और अन्य लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मीडिया कवरेज करने पहुंचे कर्मियों से भी कथित बदसलूकी की बात सामने आई।
सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए रोडवेज बस एवं कार को थाने लेकर आई। विवाद के चलते बस में सवार यात्रियों को करीब एक घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने पर बस और कार को थाने लाया गया है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।