मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने गुरुवार को मंदसौर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं एवं संचालन प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शुभम पाटीदार सहित मंडी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर सिंह ने मंडी परिसर में लहसुन लेकर आए किसानों से चर्चा की तथा फसल नीलामी प्रक्रिया, लहसुन की गुणवत्ता और मंडी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने व्यापारियों की दुकानों पर पहुंचकर किसानों को किए जाने वाले भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही मंडी परिसर में लाई गई सोयाबीन फसल का अवलोकन कर किसानों से चर्चा की।
इसके बाद कलेक्टर ने मंडी कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडी संचालन व्यवस्था की समीक्षा की तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।