नीमच। शहर के उपनगर बघाना थाना क्षेत्र में 59 वर्षीय एक व्यक्ति की सल्फास का सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने लेनदेन विवाद और कथित धमकी को घटना का कारण बताया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जगदीश मेघवाल (59) पुत्र लच्छीराम मेघवाल, निवासी हवाई पट्टी के पास, जयसिंहपुरा के रूप में हुई है।
मृतक के भांजे जया मेघवाल ने बताया कि जगदीश मेघवाल का राहुल जाटव नामक व्यक्ति के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान राहुल जाटव ने उन्हें मारपीट की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते जगदीश मेघवाल ने सोमवार दोपहर सल्फास का सेवन कर लिया।
सल्फास सेवन के बाद परिजन उन्हें दोपहर करीब 12.45 बजे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान रात करीब 8.20 बजे उनकी मौत हो गई।
मंगलवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों एवं परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।