बड़वानी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त से किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिवस पर जिले के बालकुआं एवं बोरलाय क्लस्टर की कुल 20 ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित होंगे। कलेक्टर ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना, नागरिकों को विभिन्न लोक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संबंधित विभागों के अधिकारी सुबह 10 बजे से ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहेंगे। शिविरों में बैंकिंग सेवाएं, फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविरों में रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष जोर रहेगा। पशुपालन विभाग द्वारा श्मैत्रीश् के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत 50 हजार रुपये या उससे अधिक के ऋण के लिए आवेदन, फूड प्रोसेसिंग से जुड़े प्रस्ताव तथा अन्य रोजगारोन्मुखी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। मत्स्य पालन और युवा उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं के इच्छुक युवाओं से भी आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि शाम 4 बजे ग्राम तलून में कलेक्टर एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करेगी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं। यदि कोई ग्रामीण किसी कारणवश दिन के दौरान शिविर में नहीं पहुंच पाया है, तो वह भी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्या या आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।