नीमच। जिले के चैनपुरा निवासी ओंकार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि ओंकार सिंह को उसके साले द्वारा अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त को ओंकार सिंह का साला उसे चैनपुरा से अपने साथ चौहानों का खेड़ा लेकर गया था। इसके बाद कुछ समय बाद ओंकार सिंह के जीजा को फोन कर बताया गया कि उसे यहां लाया गया है। वहीं कुछ देर बाद दोबारा फोन कर ओंकार सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत होने की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार, शव लेकर पीहर पक्ष के लोग साले सहित अन्य व्यक्तियों के साथ चैनपुरा जा रहे थे। इसी दौरान जलिया फाटक के पास शव को रखकर साला सहित अन्य लोग मौके से चले गए। इसके बाद मृतक के परिजनों ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया।
ग्रामीणों और परिजनों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर स्थिति को शांत कराया। हालांकि परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और इसके बाद शव लेकर नीमच पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर रवाना हो गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों के आरोपों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।