चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी और चंदेरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने झातला माता पांडोली मंदिर से महिला की सोने की चेन चुराने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के नीमच जिले की रहने वाली दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 13 ग्राम सोने की चेन बरामद कर ली है।
यह घटना 7 जुलाई 2026 की है, जब भीलवाड़ा के बापूनगर निवासी ललित कुमार जैन अपनी पत्नी हेमलता जैन और परिवार के साथ झातला माता पांडोली दर्शन करने आए थे। मंदिर परिसर में भारी भीड़ का फायदा उठाकर दो अज्ञात महिलाओं ने हेमलता के गले से सोने की चेन पार कर दी। इस वारदात के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बाद में पीड़ित परिवार ने चंदेरिया थाने में मामला दर्ज कराया, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, मंदिर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर नीमच जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के बरखेड़ा निवासी जया बाछड़ा पत्नी रोहित बाछड़ा और मनासा थाना क्षेत्र के पिपलिया रुडी निवासी पूजा पत्नी अर्जुन बाछड़ा को हिरासत में लिया। गहन पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर चोरी की गई चेन बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिलाएं भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों जैसे श्री सांवलियाजी सेठ मंदिर, झातला माता मंदिर, शनि महाराज तथा विभिन्न मेलों, रैलियों और जुलूसों में महिलाओं को निशाना बनाती थीं। गिरफ्तार महिला जया के खिलाफ वर्ष 2025 में चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाने में भी चेन चोरी का मामला दर्ज है, जो फिलहाल विचाराधीन है। इस सफल कार्रवाई में चंदेरिया थानाधिकारी मधुकवर, एएसआई राजेश कुमार, राजकुमार, साइबर सेल के रामावतार तथा डीएसटी टीम के जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब इन आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ कर रही है।