देवास। विगत दिनों इंदौर में सामने आई घटना के बाद देवास नगर निगम भी सतर्क हो गया है। इसी क्रम में आज देवास महापौर गीता अग्रवाल द्वारा नगर निगम अधिकारियों के साथ जल प्रदाय व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में शुद्ध और सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी वार्डों में नियमित रूप से जल गुणवत्ता की जांच की जाए। साथ ही वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि यदि किसी भी वार्ड में गंदा या दूषित पानी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जल प्रदाय से जुड़े पाइपलाइन नेटवर्क, टंकियों की सफाई, लीकेज की समस्या और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि जल प्रदाय से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तुरंत निगम कार्यालय या वार्ड प्रभारी को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।