गुना। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल पीने से हुई मौतों और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विवादित शब्दावली को लेकर प्रदेश भर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुना के अंबेडकर चौराहे पर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में तीखा विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।
पुतला दहन के दौरान चौराहे पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई, तैनात पुलिस बल ने जलते पुतले पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी और झड़प हुई। पुतले को पूरी तरह जलाने की कोशिश में युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता स्वयं भी झुलस गए। प्रदर्शनकारी मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे और उनके आचरण को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बता रहे थे। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंचम भील के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।