चित्तौड़गढ़। संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री हनुमान भक्त मंडल, गांधीनगर के तत्वावधान में रविवार 9 अगस्त को चित्तौड़गढ़ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक मदनलाल शर्मा एवं कन्हैयालाल धाकड़ ने बताया कि गांधीनगर स्थित विशाल अकादमी उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार शाम 4 बजे आयोजित समारोह में वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में चित्तौड़गढ़ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी बालक-बालिकाओं को मंडल की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
मंडल संयोजक एवं मुख्य आयोजनकर्ता राधेश्याम आमेरिया ने बताया कि कार्यक्रम शिवलाल शर्मा एवं प्राचार्य अश्लेष दशोरा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राजेश कुमार वर्मा करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।