शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के गोंदोलीपुरा गांव का एक युवक शुक्रवार को अपनी बीमार पत्नी को गोद में लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। युवक ने गांव के एक व्यक्ति पर आधा किलो से अधिक चांदी और मजदूरी के 20 हजार रुपये वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की।
23 वर्षीय अरविंद जाटव ने शिकायत में बताया कि घरेलू जरूरत के चलते उसने अपनी चांदी सतीश शर्मा के पास गिरवी रखी थी, जिसके बदले उसे 5 हजार रुपये मिले थे। इसके बाद अरविंद ने सतीश शर्मा के मकान निर्माण में कारीगरी का काम किया। उसका कहना है कि उसने 5 हजार रुपये सहित ब्याज की पूरी राशि चुका दी, लेकिन इसके बावजूद सतीश शर्मा उसकी चांदी और मजदूरी के करीब 20 हजार रुपये वापस नहीं कर रहा है।
अरविंद का आरोप है कि जब उसने अपनी चांदी और मजदूरी के रुपये वापस मांगे तो सतीश शर्मा ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक गालियां भी दीं। पीड़ित ने बताया कि उसने मामले की शिकायत बैराड़ थाने में भी की थी, लेकिन वहां सुनवाई नहीं होने पर उसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय आना पड़ा।
शुक्रवार को अरविंद अपनी बीमार पत्नी को गोद में लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को आवेदन सौंपा। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा उसकी चांदी और मजदूरी के 20 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है।