पोरसा। तरसमा शासकीय प्राथमिक विद्यालय तरसमा में उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ सामाजिक तत्वों द्वारा एक शासकीय शिक्षक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना उस समय हुई जब शिक्षक ने स्कूल परिसर में बैठकर नशा करने और छात्राओं के वीडियो बनाए जाने का विरोध किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दबंग युवक नियमित रूप से विद्यालय परिसर में बैठकर ड्रग्स, अफीम जैसे नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे। इतना ही नहीं, वे विद्यालय में पढ़ने वाली बच्चियों के वीडियो भी बना रहे थे। शिक्षक द्वारा जब इस अमर्यादित और आपराधिक गतिविधि पर आपत्ति जताई गई तो आरोपी युवक आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि विरोध करने पर सामाजिक तत्वों ने शासकीय शिक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल बन गया, वहीं शिक्षकों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस गंभीर घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शिक्षक संगठनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई और विद्यालय में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसे असामाजिक तत्व बच्चों के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।